माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। बारिश के बाद से डेंगू का खतरा बना हुआ है। जिले में वीरवार को पांच नए डेंगू केसों की पहचान हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू का आंकड़ा 121 पहुंच गया है। यही नहीं, चिकनगुनिया के भी तीन मरीज मिले हैं। इन केसों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग की लैब से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में वीरवार को पांच डेंगू केस मिले। इसमें बालकनाथ कॉलोनी में दो, रामगोपाल कॉलोनी, कमला नगर व बोहर का एक-एक केस शामिल हैं।
जिले में अब तक डेंगू के कुल 121 केस मिल चुके हैं। इनमें से 63 शहर व 58 ग्रामीण इलाके से हैं। डेंगू केस लगातार मिलने से स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ गई है। मलेरिया के जिले में अब तक पांच ही केस मिले हैं।
वीरवार को तीन चिकनगुनिया केसों की पुष्टि होना अपने चिंताजनक है। विभाग की रिपोर्ट में खरावड, सुखपुरा चौक व कृपाल नगर से एक-एक केस की पुष्टि की गई है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग भी मच्छर जनित रोगों को लेकर सतर्क हो गया है।
इसी कड़ी में इन संभावित इलाकों में फॉगिंग के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मरीजों को इलाज दिया जा रहा है। साथ ही, एंटी लार्वा एक्टिविटी के तहत लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेशचंद्र आर्य ने कहा कि मच्छर जनित रोगों का खतरा बना हुआ है। जागरूकता के जरिए इससे बचा जा सकता है। लोगों को भी इस ओर विभाग का सहयोग करना चाहिए।