सांपला। नगरपालिका चुनाव को लेकर मंगलवार को अंतिम दिन चेयरमैन पद के पांच व पार्षद के छह उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। अब चेयरमैन पद के 10 व पार्षद पद के लिए 44 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। चुनाव अधिकारी ने उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए।
नपा निर्वाचन अधिकारी एसडीएम अंकिता पंवार और एडीसी नरेंद्र कुमार ने चुनाव चिह्न आवंटित किए। पार्षद पद के उम्मीदवारों को शुगर मिल के एमडी मुकुल कुमार व तहसीलदार गुलाब सिंह ने चिह्न आवंटित किए।
कई उम्मीदवारों ने एक जैसे चिह्न की मांग की थी। इनके निशान की पर्ची डाली गई। चेयरमैन पद के उम्मीदवार को कुर्सी, फावड़ा, घड़ी तो किसी को पेड़ का निशान मिला। चुनाव चिह्न मिलते ही उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के पास सोशल मीडिया के जरिए निशान भेजकर जानकारी दी।
वार्ड नंबर तीन से महेश कुमार सर्वसम्मति से पार्षद बने। उनकी पत्नी सारिका ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद लोगों में भी अब चुनावी समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा चुनाव सिंबल पर लड़ रही है। अन्य प्रत्याशी निर्दलीय मैदान में हैं।