रोहतक। शहर के विजयनगर हत्याकांड को लेकर गवाही की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वीरवार को पहली गवाही मामले में शिकायतकर्ता व माता-पिता, बहन व नानी की हत्या की हत्या के आरोपी आरोपी मोनू के मामा प्रवीण की तीन घंटे गवाही हुई। बचाव पक्ष ने प्रवीण से सवाल-जवाब किए। अब दो अप्रैल को मामले में अगली सुनवाई होगी। केस में पुलिस ने 55 गवाह बनाए हैं।
पीड़ित पक्ष के वकील सुशील पांचाल ने बताया कि सोनीपत जिले के गांव मदीना निवासी बबलू पहलवान दो दशक से रोहतक में रह रहे थे। साथ ही प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर काम करता था। 27 अगस्त 2021 को प्रॉपर्टी डीलर बबलू पहलवान, उनकी पत्नी बबली, बेटी नेहा उर्फ तमन्ना व बबली की मां रोशनी को घर के अंदर ही सिर में गोली मार दी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बबलू के इकलौते बेटे 20 वर्षीय अभिषेक उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया था। अभिषेक तभी से न्यायिक हिरासत के चलते जेल में बंद है। अब अदालत में केस की गवाही शुरू हुई है। वकील ने बताया कि वीरवार को करीब 11 बजे मामले में शिकायतकर्ता व आरोपी के मामा प्रवीण की गवाही शुरू हुई। प्रवीण ने अदालत वारदात से पहले व वारदात के बाद परिवार के हालात में बारे में बताया। साथ ही कोर्ट को बताया कि उसे कैसे मोनू पर शक हुआ। इसके बाद बचाव पक्ष ने शिकायतकर्ता से सवाल शुरू किए। दो बजे तक पूरी प्रक्रिया चली। आगे गवाही के लिए कोर्ट ने दो अप्रैल की तिथि तय की। आरोपी मोनू वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए।