रोहतक। शहर के जींद बाईपास पर कच्चा चमारिया रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास शुक्रवार को सुबह खेताें में अचानक आग लग गई। खेत के अवेशषों में भड़की आग तेजी से फैली और मुर्गी फार्म के साथ बनीं 15 झुग्गियों तक पहुंच गई। इनको आग ने कुछ ही देर में जलाकर राख कर डाला। मुर्गी फार्म व आसपास पड़े प्लास्टिक कचरे को भी आग ने अपने लपेटे में ले लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के 20 वाहनों व 30 से अधिक कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया।
आग की घटना में गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। तेज हवाओं के कारण आग इधर-उधर से फैलती रही। इस कारण धुआं के गुबार ने आसपास के लोगों की मुश्किलें बढ़ाने का काम किया। शुक्रवार को सुबह किसी ने जींद बाईपास की ओर कच्चा चमारिया रोड पर खेत में फसल के बचे अवशेष में आग लगा दी। इसके बाद यह आग बेहद तेजी से फैली। इसने कुछ ही देर में आसपास के खेतों व मुर्गी फार्म के पास बनीं झुग्गियों को भी अपने लपेटे में ले लिया। झुग्गियों में आग लगी देख अंदर से करीब 150 से ज्यादा महिलाएं, पुरुष व बच्चे चिल्ल्लाते हुए बाहर की दौड़ पड़े। युवाओं ने बड़ी मुश्किल से अपना सामान आग से सुरक्षित निकाला। आग के कारण उठा घना धुआं आसमान में दूर तक फैल गया। इस कारण वहां दिन में ही शाम ढलने सा नजारा बन गया। गाढ़ा काला धुआं ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया। धुआं के कारण लोग खांसते व आंखें रगड़ते नजर आए।
आग की सूचना किसी ने दमकल विभाग को दी। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हवा के कारण इधर-उधर तेजी से फैलती आग पर काबू पाने में दमकल टीम को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर एक के बाद एक 20 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। इसमें राेहतक, महम, सांपला, कलानौर के अलावा झज्जर व बहादुरगढ़ के दमकल वाहन भी शामिल रहे। इन वाहनों पर तैनात करीब 30 से ज्यादा कर्मचारियों की टीम ने करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी तरह की जन हानि होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने पहुंचे नवीन जयहिंद
जींद बाइपास की ओर आसमान में फैला घना धुआं देखकर नवीन जयहिंद उस ओर बढ़े। वे मौके पर पहुंचे तो खेतों व झुग्गियों में आग लगी नजर आई। यह देखकर वे बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस व दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी। दमकल टीम आने तक खुद टैंकर वालों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। सड़क गुजरते लोगों के अलावा ऑनलाइन आकर भी मदद का आह्वान किया। नवीन जयहिंद ने कहा लोग अपने खेतों में बचे अवशेषों को न जलाएं। इससे न सिर्फ प्रकृति को नुकसान होता है, बल्कि जान-माल की हानि का भी खतरा रहता है।
दमकल विभाग को आग की सूचना मिली थी तो मौके पर पहुंची। खेत व उसके पास असम से आए लोगों की झुग्गियों में आग लगी थी। हवा के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। इसे बड़ी मुश्किल से काबू किया। विभाग की 20 गाड़ियों व 30 से ज्यादा कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे बाद काबू किया।
संजीव डागर, एएफएसओ, दमकल विभाग।