रोहतक। शहर के सबसे व्यस्त बाजार किला रोड पर वीरवार को पौने पांच बजे कपड़े के तीन मंजिला शोरूम में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से बाजार में धुआं फैल गया। फायर ब्रिगेड को बाजार में अतिक्रमण के चलते शोरूम तक पहुंचने में काफी दिक्कत आई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों व 25 कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
डीएलएफ कॉलोनी निवासी नरेंद्र कथूरिया का किला रोड बाजार में रेडिमेड कपड़ों का तीन मंजिला शोरूम है। शोरूम के अंदर दूसरी मंजिल पर बिजली सप्लाई के लिए उपकरणों का पैनल लगा रखा है। वीरवार को करीब पौने पांच बजे एक कर्मचारी दूसरी मंजिल पर पहुंचा, जहां गोदाम के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। तुरंत उसने नीचे आकर अवगत कराया। देखते ही देखते आग से धुआं शोरूम में फैल गया। दुकानदार व उसके कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेजी से आग फैलने लगी। मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब पौने आठ बजे आग पर काबू पाया।
....
लिफ्ट में फंसी दो महिलाएं
पड़ोसी दुकानदारों ने बताया कि आग लगने की सूचना से बाजार में हड़कंप मच गया। ज्यादातर कर्मचारी तो बाहर आ गए। इसी बीच पता चला कि दो महिला ग्राहक लिफ्ट के अंदर फंस गई हैं। तत्काल तीसरी मंजिल पर रखा जेनरेटर चलाकर लिफ्ट चालू की और उन्हें बाहर निकाला। हालांकि शोरूम मालिक ने महिला ग्राहक लिफ्ट में फंसने की बात से इनकार किया है।
...
अतिक्रमण में फंसी फायर ब्रिगेड की गाड़ी
फायर कर्मियों ने बताया कि 4 बजकर 45 मिनट पर उनको सूचना मिली। उनकी छोटी गाड़ी 4 बजकर 51 मिनट पर किला रोड बाजार के कोने पर लाल मस्जिद के सामने पहुंच गई, लेकिन आगे बाजार के अंदर सड़क के बीचोंबीच दो पहिया वाहन खड़े थे। किनारों पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था। 300 मीटर दूर शोरूम तक पहुंचने में 10 मिनट लग गए। हालांकि बाद में व्यापारियों ने खुद भी दोपहिया वाहन हटा दिए, लेकिन फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
....
युवती के सिर के बाल जले
तंग बाजार में कपड़े के शोरूम में आग लगने से पिछले कलालान मोहल्ले के घरों को खाली करवाया गया। यहां तक कि गैस सिलिंडर निकाल कर सुरक्षित जगह रख दिए गए। पुलिस व फायर कर्मियों ने दीवार तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। शोरूम के पिछले हिस्से तक पानी के पाइप ले जाए। पड़ोसी युवक राकेश ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि एक युवती नजदीक खड़ी थी तो अचानक शोरूम के अंदर से आग का झोंका आया और उसके बाल जल गए।
....
कपड़ा व्यापारी का दावा, करोड़ों का हुआ नुकसान
शोरूम मालिक नरेंद्र के भाई वीरेंद्र कथूरिया ने बताया कि आग लगने उसे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। डेढ़ करोड़ का तो शोरूम का फर्नीचर नष्ट हो गया। साथ ही आठ एसी जल गए। दूसरा, शोरूम में रखा कपड़ा जल गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि होने से बच गई।
हादसे के बाद हमदर्द बनकर पहुंचे सियासी नेता
शहर के किला रोड बाजार में अतिक्रमण की समस्या सालों पुरानी है। किला रोड में नगर निगम की 7 करोड़ की पार्किंग बनने के बावजूद दोपहिया वाहन बाजार के बीचोंबीच ही खड़े होते हैं। बाजार सियासी तौर पर दो भागों में बंटा है। सरेआम दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया जाता है, लेकिन अधिकारी कभी कभार ही कार्रवाई करते हैं। वीरवार को भाजपा, कांग्रेस व आप के नेता व्यापारियों के बीच हमदर्द बनकर पहुंचे, लेकिन अतिक्रमण की समस्या का जल्द समाधान हो पाएगा, इसकी संभावना कम है।
....
व्यापारी बोले- अतिक्रमण खत्म करवाया जाए
बाजार में सियासत चलती है। समय रहते अतिक्रमण खत्म करवाकर वाहनों को हटवाया जाए, नहीं तो गर्मी के मौसम में किसी अन्य व्यापारी को भी फायर ब्रिगेड के आने में देरी का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
- दीपक पुनियानी, कपड़ा व्यापारी किला रोड
....
हादसा किसी के साथ भी हो सकता है। पूरा बाजार पीड़ित व्यापारी के साथ है। जहां तक अतिक्रमण का सवाल है, यह हटाने की जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की है। निगम प्रशासन पहल करे, वे सहयोग देंगे।
- बिट्टू सचदेवा, प्रधान किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन
.....
वर्जन
किला रोड बाजार के शोरूम में लगी आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई। दोनों तरफ दुकानों के छज्जे निकाल रखे हैं। साथ ही बाहर सामान रखा था। सड़क के बीचोंबीच खंभे लगे हैं। 25 कर्मियों ने 5 गाड़ियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया।
- संजीव डागर, सहायक अग्निशमन अधिकारी