-फोटो 60 : एमआइई स्थित जूता फैक्टरी में लगी आग। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित दो फैक्टरियों में रविवार सुबह आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने 7-8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दोनों फैक्टरियों में रखा कच्चा, तैयार माल और मशीनें भी पूरी तरह जल गईं। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शाॅर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है।
हादसा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) पार्ट-बी में स्थित प्लाट नंबर 2085-2086 में चल रही राधा कृष्णा पॉलीमर्स और धवन एंड संस फैक्टरी में हुआ। इन फैक्टरियों में जूते, चप्पल तैयार किए जाते हैं। दोनों में काफी कच्चा व तैयार माल रखा हुआ था। रविवार अल सुबह करीब साढ़े 3 बजे अचानक एक फैक्टरी में आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने दूसरी फैक्टरी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इधर, सूचना के बाद सुबह करीब 5 बजे दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। चार दमकल गाड़ियों के सहारे कर्मचारियों ने पहले राधा कृष्णा फैक्टरी में आग पर नियंत्रण पाया। इसके कुछ घंटे बाद दूसरी फैक्टरी में लगी आग पर भी काबू पा लिया। प्लास्टिक, रबड़ व गत्ता आदि जलने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग से काफी माल जलकर राख हो गया। इसमें भवन और मशीनों को भी नुकसान पहुंचा है।
सुबह 5 बजे आग लगने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां लेकर कर्मचारी आग बुझाने के लिए पहुंचे, लेकिन आग काफी भड़क चुकी थी। आग पर काबू पाने में कर्मचारियों को 7-8 घंटे का समय लगा। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जांच की जा रही है।
-रविंद्र कुमार, फायर आफिसर, बहादुरगढ़।
-फोटो 60 : एमआइई स्थित जूता फैक्टरी में लगी आग। संवाद