कुंडली (सोनीपत)। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित निमार्णाधीन फैक्टरी में डेढ़ साल पहले दीवार गिरने से दो महिला मजदूरों की मौत और चार के घायल होने के मामले में अब पुलिस ने अज्ञात पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। मामले को लेकर एक व्यक्ति ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग को पत्र लिखा था। जिस पर आयोग ने संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज कराया है।
विदित रहे कि 10 फरवरी, 2018 को कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में मध्यप्रदेश निवासी गिरिजा (32) और नीलम (21) अन्य के साथ काम कर रही थीं। दोपहर करीब 1 बजे अचानक निर्माणाधीन फैक्टरी की दीवार गिर गई थी, जिसके नीचे दबने से दोनों महिलाओं की मौत हो गई थी। साथ ही चार अन्य मजदूर घायल हो गए थे। कुंडली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। मामले में गाजियाबाद निवासी राजहंस बंसल ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली में पत्र लिखकर मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अपील की थी। जिस पर आयोग ने अब पुलिस को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में लापरवाही बरतने वालों का पता लगाकर उस पर कार्रवाई करेगी।
लापरवाही वालों पर होगी कार्रवाई
निर्माणाधीन फैक्टरी में दीवार गिरने से दो महिला मजदूरों की मौत और चार के घायल होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लापरवाही बरतने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई सुरेंद्र, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।