रेवाड़ी। एक महिला शिक्षिका की केएमपी एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह रक्षाबंधन के त्योहार पर भाई को राखी बांधकर अपने ससुराल लौट रही थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
धारूहेड़ा क्षेत्र के एक निजी स्कूल में ऋतू शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के अनुसार यह हादसा केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुआ। ऋतु अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) स्थित अपने मायके से लौट रही थीं। इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऋतू दूर जाकर गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से भाग गया। पुलिस अब केएमपी एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान और चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
ऋतू के पति मुकेश धारूहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के डींग तहसील के रारेह गांव से ताल्लुक रखते हैं। ऋतू राखी बांधने के लिए मायके अलीगढ़ गई थीं और रक्षाबंधन मनाने के बाद सोमवार देर शाम वापसी कर रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ।