चलती ट्रेन में महिला को पीटकर लूटपाट का मामला सामने आया। वारदात अंडमान एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला के साथ दो महिलाओं ने की और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गई।
ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए मेरी सखी योजना पर अंडमान एक्सप्रेस में हुई इस वारदात ने सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने जंक्शन जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है। रोहतक निवासी महिला नीतू पांडेय ने बताया कि वह रोहतक से आगरा आने के लिए अंडमान एक्सप्रेस ट्रेन के कोच नंबर एस 5 की सीट नंबर 15 पर सफर कर रही थीं। ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो दो महिलाएं ट्रेन में सवार हुईं। ट्रेन जैसे ही आगे बढ़ी दोनों महिलाओं ने उसके साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौका पाकर उन्होंने नीतू के कान में पहने सोने के कुंडल छीन लिए। महिलाओं के बीच हो रहे विवाद को देखकर अन्य यात्री तमाशबीन बने रहे। नीतू को कुंडल गायब होने का अहसास हुआ तो उसने शोर मचाया। यह देख अन्य यात्रियों ने दोनों महिलाओं को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गईं। थानाध्यक्ष संदीप तोमर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।