रोहतक। शहर में झपटमार बेखौफ वारदात अंजाम दे रहे हैं। चार घंटे के अंतराल पर शहर में तीन जगह झपटमारी हुई है। गांधी कैंप में एक युवक डॉक्टर के पास पहुंचा और जेब से 30 हजार की नकदी निकालकर फरार हो गया, जबकि शीला बाईपास के पास घूम रहे वकील की पत्नी की स्कूटी सवार चेन झपटकर ले गया। इसके बाद सेक्टर तीन में स्कूटी सवार ने एक महिला से चेन झपट ली। इस संबंध में पीजीआई, सिविल लाइन और अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
वारदात-1 : सेक्टर-4 निवासी डॉक्टर राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांधी कैंप में क्लीनिक खोल रखा है। बुधवार शाम करीब 4 बजे क्लीनिक पर बैठकर मरीज देख रहा था। तभी गांधी कैंप निवासी कृष्ण उर्फ मंगल आया और बातचीत करने लगा। वह उसे पहले से जानता है। अचानक उसने जेब में हाथ डालकर 30 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। इतना ही नहीं, भागते समय उसका मोबाइल फोन क्लीनिक में ही गिर गया। सूचना पाकर पीजीआई थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया।
वारदात-2 : सुभाष नगर के एक वकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम करीब 7:20 बजे वह पत्नी के साथ शीला बाईपास टी पॉइंट तक घूमने गया था। दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे, तभी स्कूटी सवार आया और झपटा मारकर तीन तोले सोने की चेन तोड़कर ले गया, साथ में पैंडल भी ले गया। उसने पैदल ही स्कूटी सवार का पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका। स्कूटी गहरे ग्रे रंग की थी, जबकि झपटमार ने काले रंग की ड्रेस पहनी हुई थी। काले रंग का हेलमेट लगा रखा था। स्कूटी का नंबर नहीं देख सका।
वारदात-3 : रात करीब 8 बजे सेक्टर 3 में एक महिला टहल रही थी। बताया जा रहा है कि वही स्कूटी सवार महिला से चेन झपटकर ले गया। आरोपी का सुराग नहीं लग पाया। पीड़ित महिला की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।