रोहतक। जिले में कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा ने फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) का दौरा किया।
उन्होंने संस्थान में डिग्री कोर्स, प्रशिक्षण सुविधाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाले प्लेसमेंट अवसरों की जानकारी ली और संस्थान की कार्यप्रणाली की सराहना की।
संस्थान की कार्यकारी निदेशक सरिता दुहन ने मंजू हुड्डा का स्वागत किया और उन्हें संस्थान की विभिन्न वर्कशॉप व प्रशिक्षण इकाइयों का अवलोकन कराया। इस दौरान फुटवियर, फैशन और रिटेल मर्चेंडाइजिंग से जुड़े डिग्री कोर्सेज और आधुनिक मशीनों से सुसज्जित प्रशिक्षण वर्कशॉप को देखा।
उन्होंने कहा कि एफडीडीआई जैसे संस्थान युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान कर उन्हें मल्टीनेशनल कंपनियों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। जिला परिषद अध्यक्ष ने संस्थान की पहल को युवाओं के भविष्य और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।