रोहतक। त्योहारों को लेकर खाद्य पदार्थों मेें मिलावट पर शिकंजा कसने के लिए फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) विभाग की टीम एक्शन मोड़ में है। इस महीने में अब तक 44 सैंपल जांच के लिए भरे जा चुके हैं लेकिन रिपोर्ट अब तक नहीं आ पाई है। इनमें महम, कलानौर, सांपला व रोहतक के सैंपल शामिल हैं।
अधिकारियों का दावा है कि सैंपल को जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है। रिपोर्ट आने में समय लग जाता है। रिपोर्ट के आधार पर मिलावटखोरों पर कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए रोहतक के मालगोदाम, हिसार बाईपास, एमडीयू, मॉडल टाउन, बड़ा बाजार आदि जगहों से 28 सैंपल लिए गए हैं। इनमें एमडीयू से भरे 7 सैंपल शामिल हैं।
कलानौर से बेसन का लड्डू, खोया, रसगुल्ला व गुलाब जामुन के पांच सैंपल लिए गए हैं। सांपला से खाेया बर्फी, राजभोग, कलाकंद, मावा बर्फी, बर्फी, मिल्क केक, चमचम के आठ सैंपल लिए गए हैं। महम से लिए तीन सैंपल में कुट्टू का आटा, कुट्टू गिरी, चाैलाई के लड्डू शामिल हैं। विभाग की टीम को चार लोग बिना रजिस्ट्रेशन के दुकान चलाते मिले। इनको नोटिस भी जारी किया गया है।
-
त्योहारों को देखते हुए रोजाना सैंपल भरे जा रहे हैं। बीच-बीच में रिपोर्ट आई हैं। अब तक सारी रिपोर्ट नहीं आई है। - डॉ. योगेश कादियान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
संवाद