सुंडाना चौक पर पिता, बेटा व बेटी को एक ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता की मौत हो गई। जबकि बेटी व बेटा पीजीआई में उपचाराधीन है। हादसे की शिकायत बेटी ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलानौर थाना पुलिस को दी शिकायत में सविता ने बताया कि वह वार्ड 2 की रहने वाली है। 20 अप्रैल को वह अपने भाई सचिन के साथ गांव कहानौर किसी काम से आई थी। वापसी में दोनों भाई बहन को पिता सुरेश लेने कहानौर आ रहे थे। दोनों भाई बहन पिता का सुंडाना कहानौर चौक पर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही पिता उक्त पते पर बाइक पर सवार होकर पहुंचे तो वहां ट्रैक्टर ट्रॉली चालक तेज गति, लापरवाही व गफलत से आया और उसने आते ही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों को गंभीर चोट आई। इसी दौरान आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को राहगीर सीएचसी कहानौर ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहीं, रास्ते में पिता की मौत हो गई। सचिन व सविता पीजीआई में उपचाराधीन है।