खरखौदा (सोनीपत)। खरखौदा में छह वर्षीय बच्ची से उसके पिता ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने पिता पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर रही बाल संरक्षण आयोग की टीम ने जहां बच्ची का शुक्रवार को सोनीपत सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया था। पुलिस ने देर रात को शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब जल्द ही बच्ची के मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज करवाए जाएंगे।
खरखौदा के रहने वाले युवक ने बाल संरक्षण आयोग को शिकायत दी थी कि खरखौदा शहर में छह वर्षीय बच्ची के साथ उसके पिता ने अनैतिक कृत्य किया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बाल संरक्षण आयोग की टीम ने सबसे पहले उस बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ की थी। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को अवगत करवाया गया था। पुलिस टीम ने बाल संरक्षण आयोग की टीम के साथ मिलकर बच्ची का शुक्रवार को सोनीपत सामान्य अस्पताल मेें मेडिकल परीक्षण करवाया था। मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात को आरोपी पिता के खिलाफ भादसं की धारा 376 एबी, 323 व 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता के साथ अकेली रहती थी मासूम
आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है। उसके दो बड़े बच्चे जिसमें एक लड़का और एक लड़की को रिश्तेदारों ने अपने पास रखा हुआ है। वह नशे का आदी बताया गया है। वह अपनी छह वर्षीय बेटी को अपने साथ ही रखता था।
स्कूल स्टाफ ने कहा अच्छा हुआ पिता से दूर हो गई
मामले को लेकर बच्ची के स्कूल स्टाफ से भी बात की गई। स्कूल स्टाफ सदस्य मामले में कुछ भी बताने से बचते हुए नजर आया, लेकिन यह जरूर कहा कि यह अच्छा हुआ है कि छात्रा अपने पिता से अब दूर हो गई है। बच्ची के खाने-पीने और व्यवहार को लेकर जब बात हुई तो उन्होंने बताया कि खाना तो वह अक्सर लेकर आती थी। वहीं उसका पिता स्कूल में आकर भी कई बार उसे खाने-पीने के लिए पैसे देकर जाता था।
सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में बच्ची
मजिस्ट्रेट के समक्ष बच्ची को पेश कर उसके बयान दर्ज करवाए जाएंगे। अभी बच्ची को सीडब्ल्यूसी की टीम अपने संरक्षण में रखे हुए हैं।
-दर्शना, जांच अधिकारी।