रोहतक। शहर की फतेहपुरी कॉलोनी में करीब ढाई माह पहले हुए दोहरे हत्याकांड में अब तक पुलिस केवल मनीष की हत्या के आरोप में धामड़ गांव निवासी शिवम को ही गिरफ्तार कर सकी है। सुमित की हत्या के आरोप में किसी भी आरोपी को काबू नहीं किया गया है। न ही दोहरे हत्याकांड में अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक 23 अक्तूबर 2025 को फतेहपुरी कॉलोनी में दो पक्षों में झगड़ा हुआ। झगड़े में एक पक्ष के सुमित (21) की गोली मारकर तो दूसरे पक्ष ने मनीष (37) की फरसे व कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी।
दोनाें पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुरानी सब्जी मंडी थाने में हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद चार लोगों को हिरासत में लिया था लेकिन एक आरोपी धामकड़ गांव निवासी शिवम को ही गिरफ्तार किया गया।
मनीष के परिजनों का कहना था कि झगड़े के समय मनीष अकेला था। दूसरे पक्ष ने मनीष के भाई सुनील व श्याम को भी नामजद कराया हुआ है। वारदात के समय सुनील दुकान पर तो श्याम ताश खेलने गया हुआ था। इसके सबूत भी उनके पास हैं।
बाक्स
दोनों पक्षों ने 10-10 लोगों को कराया था नामजद
फतेहपुरी कॉलोनी के दोहरे हत्याकांड में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के करीब 10-10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। नगर निगम में चालक रहे मनीष के भाई श्यामसुंदर ने आरोप लगाया था कि उसके भाई मनीष ने फतेहपुरी कॉलोनी में ही गली के कोने में नया मकान बनाना शुरू किया था। पड़ोसी विक्की इससे खुश नहीं था। इसी रंजिश में विक्की ने अपने बेटे सुमित व विशाल, सुरेंद्र व नरेंद्र, सुमन पत्नी विक्की व विक्की का भांजा अजय व धामड़ गांव के एक युवक सहित करीब 10 लोगों ने उसके भाई मनीष की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या की।
पास में मकान बनाने से मना किया तो मनीष रखने लगा था रंजिश
सुमित के पिता विक्की उर्फ वीके ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्लंबर है। उसके दो बेटे सुमित व विशाल और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। एक माह पहले पड़ोसी मनीष ने नजदीक में मकान बनाना शुरू किया। इस पर उन्होंने एतराज जताया। इस बात से आरोपी रंजिश रखे हुए था। रात को आरोपी गली में खड़ा होकर गाली दे रहा था। उसने विरोध किया तो मनीष के भाई श्याम सुंदर, कल्लू, रवि, रामदास और सरोज उसके साथ कहासुनी व हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर उसका बेटा सुमित घर से बाहर आया जब वह बीचबचाव करने लगा तो मनीष ने लाइसेंसी रिवाॅल्वर से सुमित के सीने में दो गोलियां मार दीं। वे घायल सुमित को पीजीआई ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
वर्जन
दोहरे हत्याकांड में एक आरोपी धामड़ निवासी शिवम को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी के खिलाफ जांच जारी है। जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। -एसआई सुशील कुमार, प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी
10...मनीष। फाइल फोटो