रोहतक। बारिश के बावजूद टिटौली में किसानों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। तेज बारिश और ओलावृष्टि से बचने के लिए किसान टेंट और ट्रैक्टर ट्राॅलियों के नीचे आश्रय लेते नजर आए। धरना स्थल पर शनिवार को सीसरौली की महिलाएं ट्रैक्टर लेकर पहुंचीं।
टिटौली में वक्ताओं ने मंच से साफ कहा कि सरकार की मंशा किसानों को उनका हक देने की नहीं है इसीलिए एमएसपी को लेकर ढिलाई बरती जा रही है। किसान मजबूरीवश दोबारा सड़कों पर उतरने को विवश हुए हैं। यदि केंद्र सरकार सुनवाई कर लेती तो किसान ऐसा नहीं करते। किसानों का यह विरोध उनका हक नहीं मिलने तक जारी रहेगा।
14 को रामलीला मैदान जाएंगे किसान
ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (एआईकेकेएमएस) की प्रदेश कमेटी की अहम बैठक शनिवार को भरत काॅलोनी स्थित बलवंत भवन में संपन्न हुई। बैठक में 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान किसान मजदूर महापंचायत में पहुंचकर केंद्र सरकार की वादाखिलाफी खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह मातनहेल ने की। संचालन प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी ने किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यवान ने बैठक में विशेष रूप से भाग लिया। रेवाड़ी से विजय कुमार, रामकुमार, महेंद्रगढ़ से व्रतपाल सिंह, छज्जूराम रावत, भिवानी से रोहतास सिंह सैनी, बस्तीराम, सोनीपत से हंसराज राणा, जयकरण दहिया, जींद से देवीराम, रोहतक से धनराज, रणवीर सिंह, झज्जर से जिले सिंह शामिल रहे। महापंचायत का संदेश गांव-गांव पहुंचाने के लिए जिलाें में पदयात्रा, बाइक रैली करने का फैसला लिया गया।
यह मांगें उठाई जाएंगी :
वक्ताओं ने बताया कि महापंचायत में सभी फसलों की खरीद के लिए 50 प्रतिशत की दर से एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, राशन की सरकारी दुकान खोल कर तमाम ग्रामीण व शहरी गरीबों को सस्ते रेट पर राशन देने, बिजली बिल 2023 रद्द करने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर स्कीम वापस लेने, छोटे किसानों तथा खेत मजदूरों को पूरे साल काम देने, मनरेगा का बजट बढ़ाने, 600 रुपेय दिहाड़ी, मजदूर-किसानों को कर्ज मुक्त करने समेत अन्य मांगों को जोरदार ढंग से बुलंद किया जाएगा।