02सीटीके04...कृषि विभाग के उपनिदेशक को ज्ञापन देते अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य। संवाद
रोहतक। फसल बीमा योजना में बीमित किसानों की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कृषि उपनिदेशक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित बीमा क्लेम शीघ्र दिलवाने की मांग की। डीडीए ने किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
जिला सचिव बलवान सिंह ने कहा कि किसानों का रबी फसल का बीमा क्लेम अब तक नहीं मिला है। जिन किसानों ने पिछले साल डीएसआर विधि से धान लगाए थे, उनमें से अनेक किसानों को सहायता राशि नहीं मिली है। पराली प्रबंधन के किसानों के रुपए भी अभी तक नहीं आए हैं। साल 2023 के रबी फसल के लंबित बीमा क्लेम भी नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के राजस्व विभाग से संबंधित मुआवजे व अन्य समस्याएं काफी दिनों से लंबित हैं। इसके लिए किसान सभा पांच जुलाई को उपायुक्त कार्यालय पर एक दिवसीय धरना देगी।
उपनिदेशक ने प्रतिनिधिमंडल से बात कर जल्द इनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चार दिन में डीएसआर का पैसा किसानों के खातों में डाल दिया जाएगा। रबी 2024 का फसल खराबे का बीमित किसानों का बीमा क्लेम भी एक माह में वितरित कराने के प्रयास किए जाएंगे। रबी 2023 के जिन किसानों के बीमा क्लेम लंबित हैं, वे अधिकारियों को लिखित शिकायत दें, ताकि उनका क्लेम डलवाया जा सके। राज्य महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि फसल बीमा योजना में कंपनियां किसानों के बजाय खुद के मुनाफे के लिए काम कर रही हैं। इस मौके पर जिला प्रधान प्रीत सिंह, उपप्रधान सुनील मलिक, सहसचिव अशोक राठी, ओमप्रकाश, सचिव बलवान सिंह, महासचिव सुमित दलाल, राज्य कमेटी सदस्य सतनारायण हुड्डा, कमेटी सदस्य खेमचंद उपस्थित रहे।