रोहतक। सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा का कहना है कि प्रदेश के किसान भाजपा की नायब सरकार से खुश हैं। विपक्ष कब खुश होगा, यह पता नहीं। 75 लाख टन गेहूं की खरीद सीजन में आएगी, इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वे खुद मंडियों का दौरा करने जाएंगे। शर्मा मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि वक्फ बोर्ड को लेकर एक संयुक्त संसदीय कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट संसद में पेश कर दी है। विपक्ष का काम हर कार्य की आलोचना करना है। उन्होंने कहा कि देश के आम आदमी की सोच है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ता रहे। विपक्ष तो भगवान राम के मंदिर को लेकर भी तरह-तरह की बयानबाजी करता था। कैबिनेट मंत्री बोले सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है।
मंडियों में सरसों बेचने में आ रही किसानों को दिक्कत के सवाल पर कैबिनेट मंत्री बोले थोड़ी बहुत कमी रह गई तो उसे दूर करवाएंगे। अब गेहूं की खरीद भी शुरू हो गई है। पूरे प्रदेश में 75 लाख टन गेहूं खरीदा जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए वचनबद्ध हैं। किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर जिला बार काउंसिल के चेयरमैन डॉक्टर विजेंद्र अहलावत, जिला बार के प्रधान दीपक हुड्डा व अन्य वकील भी मौजूद रहे।