स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में वीरवार को छह कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर कुलपति कार्यालय में उनको विदाई दी गई। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में लेक्चरर रमेश हुड्डा, स्टोर अफसर जसवीर सिंह, एसएनओ रमेश कांता, एलटी बलजीत सिंह, हैड स्वीपर रामबिलास व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नारायणी देवी शामिल रहे।
कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल जैसी सेवा में नौकरी करने के दौरान कर्मचारी अक्सर परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। ड्यूटी की व्यस्तता, आपातकालीन सेवाएं व मरीजों की देखभाल में दिन-रात एक हो जाते हैं।
ऐसे में सेवानिवृत्ति एक सुनहरा अवसर है जब वे अपने परिवार, बच्चों व नाती-पोतों के साथ भरपूर समय बिता सकते हैं। निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने कहा कि कर्मचारी सेवानिवृत्ति को केवल नौकरी का अंत न समझें बल्कि इसे नए जीवन की स्फूर्ति व ऊर्जा के साथ नई शुरुआत समझें।
इस दौरान कुलसचिव डाॅ. रूप सिंह, डीन डाॅ. अशोक चौहान, डीन एकेडमिक अफेयर्स डाॅ. एमजी वशिष्ठ व अन्य उपस्थित रहे।