सांपला (रोहतक)। इस्माईला 9बी में रविवार रात गर्दन पर कस्सी मारकर की गई फैक्टरी मजदूर नीरज (33) के हत्यारोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इससे आहत परिजनों ने न तो नीरज का शव लिया और न ही पोस्टमार्टम कराया। नीरज के जुड़वा भाई नरेश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस कारण मंगलवार शाम तक भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। पुलिस ने परिवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन वह सहमत नहीं हुए। परिवार व ग्रामीणों ने गांव के कुएं के पास एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
रविवार देर रात नीरज की अज्ञात लोगों ने गर्दन पर कस्सी से वार कर हत्या कर दी थी। हत्यारे शव को जलघर में ही छोड़कर भाग गए थे। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कागज तैयार किए और परिवार को बुलाया। पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम कराने या शव लेने से साफ इन्कार कर दिया।
सुबह 10 बजे परिवार के अलावा आसपास के ग्रामीण गांव के कुएं के पास एकत्र हुए और शाम तक धरने पर बैठ रहे। उन्होंने कहा कि पहले हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद ही शव लिया जाएगा। ग्रामीणों के धरने पर बैठने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान प्रधान विकास खत्री, चेयरमैन टीनू खत्री, पवन कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
पुलिस ने लोगों को बताया कि पुलिस की चार टीमें जांच में लगी हुई हैं। शक के आधार पर गांव से चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी पीड़ित परिवार पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत नहीं हुआ। दोपहर बाद थाना प्रभारी टीम के साथ गांव में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गए।
सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों के साथ बाइक पर बैठे दिख रहे नीरज
बताया जा रहा है कि एक युवक रात करीब दो बजे नीरज की गली में दो-तीन बार घूमता नजर आया है। रविवार रात 11 बजे नीरज दो युवकों के साथ बाइक पर सवार थे। नेशनल हाईवे नंबर 9 इस्माईला बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे से मिली फुटेज में यह स्पष्ट हुआ है।