धारूहेड़ा। वोट डालने गए एक परिवार के घर में चोरी हो गई। चोर घर से 2 लाख रुपये और करीब 3 लाख रुपये की कीमत के गहने चोरी कर ले गए। चोर मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़ने की बजाए दीवार फांदकर अंदर लगे लोहे के गेट को तोड़कर घुसे। पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ जिले के गांव मोहलड़ा निवासी रामकिशन ने बताया कि वह फिलहाल धारूहेड़ा कस्बा स्थित संतोष कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनका एक बेटा बिजली निगम में एसडीओ है।
25 मई को वे परिवार के साथ वोट डालने के लिए महेंद्रगढ़ के गांव में मोहलड़ा में चले गए थे। रविवार की शाम जब घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला बंद था, जिसे खोलकर अंदर घुसे तो मकान के अंदर चैनल का गेट टूटा मिला। साथ ही तीनों कमरों के अंदर सामान बिखरा हुआ था। सभी के दरवाजे खुले पड़े थे। कमरे चेक किए तो जेवरात ओर नकदी नहीं थी। रामकिशन ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।