रोहतक। रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से अब महम उपमंडल स्तर पर ही लोगों को रेडक्राॅस की सेवाएं मुहैया होंगी। यहां संचालित सेंटर में युवाओं को परिचालक लाइसेंस के लिए प्रोफेशनल फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। फर्स्ट एड होम का पहला बैच 22 अक्तूबर से महम के कोर्ट परिसर में शुरू हो रहा है।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि महम में रेडक्रॉस का सेंटर नहीं होने के चलते युवाओं को फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी रोहतक आना पड़ता था। अब महम क्षेत्र के युवाओं को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब दिव्यांगजन के लिए भी उपमंडल स्तर पर ही पंजीकरण कराया जा सकता है। इससे आने वाले समय में उन्हें सभी प्रकार के उपकरण निशुल्क मिल सकेंगे। रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से महम स्तर पर फर्स्ट एड की ट्रेनिंग शुरू होने से युवाओं का समय और पैसा दोनों बचेगा। युवाओं को एक ही छत के नीचे ट्रेनिंग भी मिल पाएगी।
इच्छुक युवा ट्रेनिंग के लिए अपना पंजीकरण आधार कार्ड के साथ करा सकता है। सेंट जॉन एंबुलेंस इंडिया के अधिकारी व लेक्चरर आठ दिवसीय ट्रेनिंग देंगे। इसके लिए 15 अक्तूबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है। संवाद