रोहतक। महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय में यूथ रेडक्रॉस का एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कैंप का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि लोहचब ने किया। इसमें सभी छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस कैंप में सिविल अस्पताल से आए डेंटल सर्जन डॉ. विशाल मोंगिया, डॉ. श्रेया, डॉ. लावण्या ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। उन्होंने छात्राओं को दांतों व आंखों की सुरक्षा के लिए एहतियात बरतने के सुझाव दिए। साथ ही आंखों में डालने की दवाई दी, जिन छात्राओं में रक्त की कमी पाई गई, उन्हें फोलिक एसिड की दवाइयां वितरित की गई। उन्होंने आम नमक की जगह सेंधा नमक व काले नमक का प्रयोग करने के फायदे बताए। यह भी बताया कि चीनी, मैदा, नमक सेहत के लिए सफेद जहर का काम करता है। इसलिए इनका कम से कम सेवन करना चाहिए। इस कैंप का आयोजन रेडक्रॉस काउंसलर डॉ. दीपिका, डॉ. अंशु व संतोष के नेतृत्व में हुआ। प्राचार्य डॉ. रश्मि लोहचब ने अतिथियों को पौधा भेंटकर शिविर का कुशलतापूर्वक समापन किया।