24जेएनडी11: छह दिवसीय स्वदेशी मेले में प्रस्तुति देते हुए कलाकार। स्रोत: आयोजक
जींद। स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एसडी स्कूल बॉयज में छह दिवसीय स्वदेशी मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। यह मेला 29 अक्तूबर तक चलेगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने की। समाजसेवी रोशन लाल विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि मंच के हरियाणा प्रांत संगठक कुलदीप पूनिया भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। हस्तनिर्मित थैलों के स्टॉल पर महिलाओं के बनाए उत्पादों की सराहना की गई। आयोजकों ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क सिलाई केंद्र और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। अतिथियों ने शहरवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों के हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वदेशी उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे।