01सीटीके31...सेक्टर-4 स्थित हरियाणा पूर्व सैनिक संघ भवन में सेना शिक्षा कोर के स्थापना दिवस पर
रोहतक। सेक्टर-4 स्थित हरियाणा पूर्व सैनिक संघ भवन में पूर्व सैनिक शिक्षकों की ओर से सेना शिक्षा कोर का 105वां स्थापना दिवस मनाया। समारोह की शुरुआत में बीते एक वर्ष में राष्ट्र के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह की अध्यक्षता कोर के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल महेंद्र सिंह राठी ने की। कैप्टन जगवीर मलिक, हवलदार सुरेंद्र राणा ने कोर के इतिहास पर संक्षेप में जानकारी दी। सूबेदार मेजर लख्मीचंद व राजरूप रोहिला ने कोर व देशभक्ति की कविताएं सुनाई।
कर्नल जगबीर बुधवार, कर्नल ओम प्रकाश मलिक व कर्नल एम एस राठी ने अपने विचार रखे। कर्नल राठी ने बताया किशिक्षित होने के नाते हम सब का कर्तव्य बनता है कि हम सेवानिवृत्ति के उपरांत अपने समाज व राष्ट्र के लिए उपयोगी कार्य करें। दूसरों को समाज हित के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि अपने युवाओं में नशा रूपी महारोग घुस रहा है, उन्हें इससे बचाकर रखें।
समारोह में अंबाला से पूर्व सूबेदार पीएस भारद्धाज, पानीपत से पूर्व सूबेदार मेजर डाॅ. एसएस सहरावत, सोनीपत हवलदार जोगिंद्र दहिया, जींद से पूर्व सूबेदार मेजर राजकिशन मलिक, भिवानी से पूर्व एडिशनल डायरेक्टर शिक्षा आरपी यादव, महेंद्रगढ़ से यादराम यादव व दिल्ली से पूर्व सूबेदार सीएल वर्मा, राजेंद्र धनखड़, कैप्टन एसएस परमार, सूबेदार चंदन सिंह, सूबेदार धन सिंह व सूबेदार मेजर दिलबाग सिंह आदि मौजूद रहे।