रोहतक/सांपला। पूर्व सीएम एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार निजी हितों को पूरा करने के लिए बनी है, जो अपने ही बोझ से गिर जाएगी। कार्यकर्ता अभी से अपने क्षेत्र में जाकर बूथों को मजबूत करने में जुट जाएं। हुड्डा रविवार को सांपला के बेरी रोड स्थित भगवान परशुराम आश्रम में अपने हलके गढ़ी सांपला-किलोई के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा परिस्थितियां ऐसी हैं कि कोई भी यह नहीं कह सकता कि गठबंधन सरकार कितने दिन और चलेगी। सरकार में बैठे मंत्री अपने ही मुख्यमंत्री के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। जजपा के विधायक प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। सरकार बनने के दो महीने बाद ही अब सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू सत्ताधारी दल के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उनके लगाए गए आरोपों की जांच होनी चाहिए। इस सरकार से हर वर्ग चाहे वे किसान हों, मजदूर हों, युवा हों, कर्मचारी हों, महिलाएं हों दुखी हैं और छुटकारा चाहते हैं।
बुढ़ापा पेंशन में पहले 200-200 रुपये की बढ़ोत्तरी हो रही थी, अब महज 50 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार ने जजपा के घोषणा पत्र के पन्नों को फाड़कर हवा में उड़ा दिया है। जजपा नेताओं ने नकलची परीक्षार्थी की तरह कांग्रेस के घोषणापत्र की कॉपी तो कर ली, लेकिन उसके जरिये सिर्फ हरियाणा की जनता के साथ विश्वासघात किया। जजपा नेताओं को अपने घोषणापत्र के संबंध में स्पष्टीकरण देना चाहिए। हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती तो अब तक हर बुजुर्ग की जेब में नवंबर और दिसंबर में 5100-5100 रुपये की दो किश्त पेंशन की आ चुकी होतीं। इस मौके पर पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में वे हारे नहीं थे, बल्कि हराए गए थे। क्योंकि विधानसभा चुनाव में रोहतक और झज्जर जिले की आठ सीटों पर भाजपा का खाता भी नहीं खुला। कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व सरपंच राजकुमार शर्मा ने की, जबकि सम्मेलन में कांग्रेस नेता चक्रवर्ती शर्मा, पूर्व सरपंच राजमोहन कुलताना, जगबीर डबास, रवींद्र पहल, राजेश डागर, सुखबीर सिंह, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश खत्री, भूप सिंह, लीला ठेकेदार, पूर्व सरपंच आनंद गांधरा, राजकुमार शर्मा, रूप सिंह, सतीश कौशिक दतौड़, प्रमोद रोहज, संजय सांपला, हरीश कुमार, राज बहादुर शर्मा, पूर्व चेयरपर्सन उमेश देवी, प्रेमलत्ता, रेणू दूहन, कृष्णा देवी, संतोष देवी और लक्ष्मी देवी भी मौजूद रहीं।