12-रोहतक रेलवे स्टेशन पर अंडमान एक्सप्रेस ट्रेन में भीड़ के दौरान सवार होते यात्री। संवाद
रोहतक। होली व चैत्र नवरात्र बीत जाने के बाद भी ट्रेनों में यात्रियों को जगह नहीं मिल रही है। रोहतक रेलवे स्टेशन पर रविवार को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से आई अंडमान एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों को पैर रखने के लिए भी जगह नहीं मिली।
त्योहारी सीजन खत्म होने के बावजूद लंबी दूरी वाली ट्रेनों में यात्री दरवाजों व शौचालयों में खड़े होकर सफर कर रहे हैं। दिल्ली, ग्वालियर, भोपाल, विजयवाड़ा और तमिलनाडु की ओर जाने वाली इस ट्रेन के सामान्य डिब्बों में यात्री चलती ट्रेन में भी सवार होने को मजबूर रहे।
महिलाएं भी दरवाजों से चढ़ते व उतरते समय तंग नजर आईं। ट्रेन में सवार यात्री परविंद्र कुमार का कहना था कि नवरात्र पर श्री माता वैष्णो देवी कटरा गए थे। वहां से परिवार के साथ लौटकर आ रहे हैं। अब 30 को नागपुर पहुंचेंगे।
ट्रेनों में अप्रैल के मध्य तक कन्फर्मेशन की संभावना नहीं
ट्रेनों में अप्रैल के मध्य तक कन्फर्मेशन की संभावना नहीं है। पंजाब मेल में 17 अप्रैल तक प्रतिदिन 15 से 60 वेटिंग, अवध असम एक्सप्रेस 9 अप्रैल तक फुल, पातालकोट में 6 अप्रैल तक प्रतिदिन 50 से 100 सीट वेटिंग, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में 23 अप्रैल तक 32 से अधिक वेटिंग, सप्ताह में तीन दिन चलने वाली अंडमान एक्सप्रेस ट्रेन में अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल है। फरक्का एक्सप्रेस में 19 अप्रैल को फुल व अन्य दिनों में वेटिंग दिखा रहा है। वर्जन
स्कूलों में परीक्षा के बाद छुट्टियां चल रही हैं। यात्री गर्मियों से पहले ही अपने परिवार संग धार्मिक व पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आ-जा रहे हैं। लंबी दूरी वाली अधिकतर ट्रेनों में संख्या अधिक रहती है।
-बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक।
12-रोहतक रेलवे स्टेशन पर अंडमान एक्सप्रेस ट्रेन में भीड़ के दौरान सवार होते यात्री। संवाद