18. कलानौर में सफाई के बाद खुला पड़ा नाला। संवाद
कलानौर। वार्ड नंबर 16 के रोहतक-भिवानी मार्ग पर भिवानी चुंगी स्थित नालों की सफाई के तीन माह बाद भी नपा प्रशासन स्लैब रखना ही भूल गया। जून में नगर पालिका ने नालों की सफाई करवाई थी।
इसके बाद भिवानी चुंगी स्थित नाल सफाई के दौरान टूट गया था। ऐसे में नाले की दीवार बनाकर ऊपर स्लैब रखने थे लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी नपा प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। सोनू सैनी, मोनू सैनी, अमित, सुरेंद्र गुर्जर ने बताया कि नालों पर स्लैब हटा दिए गए हैं। इससे नालों में गोवंश व आम आदमी के गिरने की आंशका बनी रहती है।
टूटे-फूटे स्लैब भी नपा प्रशासन ने रोड पर ही छोड़ दिए हैं। यह दुर्घटना का कारण हो सकता है। नपा कर्मचारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। साथ लगते बैंक में ग्राहक व लाइब्रेरी में भी बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। ग्राहक रोड पर ही वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। वहीं, पुराने बस स्टैंड के पास वार्ड नं 14 के प्राइमरी स्कूल के पास भी नाले खुले पड़े हैं।
स्लैब का टेंडर लगाया गया है, कुछ नए पत्थर लगाए गए हैं। बारिश की वजह से कार्य में देरी हुई है। जहां पर ज्यादा समस्या है, वहां से बुलडोजर लगाकर टूटे हुए स्लैब व मलबा हटाया जाएगा।
- राजकुमार उर्फ राजू फौजी, नपा पार्षद वार्ड नं 16