संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के मद्देनजर नई संशोधित मतदाता सूची तैयार करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त अभिषेक मीणा ने जिले के सभी सात खंडों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इन अधिकारियों की देखरेख में हर गांव की नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने रेवाड़ी ब्लॉक में एसडीएम रेवाड़ी सुरेंद्र सिंह, बावल में एसडीम बावल उदय सिंह, नाहड़ में एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, धारूहेड़ा में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार, खोल में सीटीएम प्रीति रावत, डहीना में जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देशवाल और जाटूसाना में जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चौहान को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी नियुक्त किया है।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 25 मार्च से 5 अप्रैल तक विधानसभा की वर्तमान मतदाता सूची को हर एक गांव के वार्ड अनुसार भिजवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को वार्ड अनुसार हर एक गांव की मतदाता सूची का ड्राफ्ट बूथ पर भिजवा दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि 18 अप्रैल तक सभी मतदाताओं से वोटर लिस्ट को लेकर दावे व आपत्तियां आमंत्रित किए जाएंगे। जो युवा 18 साल की आयु पार कर चुके हैं, वे भी अपना नया वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी को 22 अप्रैल तक इन सभी दावे एवं आपत्तियों का निपटारा करना होगा। कोई मतदाता यदि अपने खंड के निर्वाचक पंजीयक अधिकारी के फैसले से संतुष्ट नहीं है तो वह 25 अप्रैल तक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त के समक्ष अपील कर सकता है। उपायुक्त कार्यालय की ओर से 6 मई तक सभी अपील का निर्णय सुना कर उनका निपटान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 मई को प्रत्येक खंड के गांव की संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।