कलानौर। कस्बे के रोहतक-भिवानी मार्ग पर अतिक्रमण की गंभीर समस्या बनी हुई है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में हालात ज्यादा खराब हैं। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुराने बस स्टैंड पर पर यात्रियों के लिए बनाए गए स्टैंड पर रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा किया हुआ है।
यात्री मुकेश रोहिल्ला, बिजेंद्र, लक्ष्मण, राजेश, सचिन, बसंत का कहना है कि रोजाना नगरपालिका के कर्मचारी व अधिकारी इस मार्ग से गुजरते हैं। अतिक्रमण की ओर किसी का ध्यान नहीं गया है। सड़क के साथ चौक पर भी अतिक्रमण बना हुआ है। इससे स्थिति और बिगड़ जाती है। आपातकालीन सेवाओं के वाहन, विशेषकर एम्बुलेंस तक को निकलने में दिक्कत होती है।
आरोप है कि नगर पालिका समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो करती है लेकिन यह केवल खानापूर्ति तक सीमित रहती है। कार्रवाई के कुछ समय बाद ही फिर वही स्थिति बन जाती है। अतिक्रमण दोबारा फैल जाता है। लोगों ने प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
वर्जन
नगर पालिका की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। फिर भी अतिक्रमण की समस्या है तो टीम भेज कर कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाया जाएगा।
- विनय कुमार, सचिव, नगरपालिका कलानौर।
फोटो कैप्शन सौजन्य संवाद
पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने के स्थान पर ही अतिक्रमण।