सीएमओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते कोविड ड्यूटी से हटाए गए कर्मचारी। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
स्वास्थ्य विभाग में कोविड-19 ड्यूटी से हटाए गए कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मीठे पानी की छबील लगाकर अनूठे तरीके से रोष जताया। इन कर्मचारियों ने वेतन और एरियर समय पर मुहैया कराने की अपील की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने कोविड ड्यूटी करने वाले कोरोना योद्धाओं को बगैर किसी सूचना के नौकरी से हटा दिया। उन्हें सरकार ने एक पल में बेरोजगार बनाकर सड़क पर ला दिया। यह अन्याय है। कर्मचारी के बेरोजगार होने से उनके परिवार के सामने पालन-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। यही नहीं मार्च का वेतन कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला है। इसके अलावा एरियर का भी अब तक भुगतान नहीं किया गया है। प्रशासन को इस बारे में कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इस कारण नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों को तपती धूप में धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। अब भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस मौके पर अमित, अमित कुमार, वर्षा, प्रशांत, निकिता व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।