रेवाड़ी। विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सोमवार से मतदान शुरू कराया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने बताया कि रेवाड़ी व बावल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए सेक्टर-18 स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज और कोसली विधानसभा क्षेत्र के लिए जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किया गया है। जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने मतदान करने के लिए निर्धारित फार्म भरकर दिया है, वे सुबह 9 बजे से 5 बजे तक मतदान कर सकते हैं। अभी तक बावल विधानसभा क्षेत्र के 380, रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के 497 और कोसली विधानसभा क्षेत्र के 746 मतदाताओं ने निर्धारित फार्म भरकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का विकल्प चुना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे 5 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा कि मतदाता लोभ, लालच, जाति व धर्म से ऊपर उठकर एक स्वस्थ एवं मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए मतदान करें। कोई भी मतदाता किसी के प्रलोभन में न आए और अपने विवेक से मतदान जरूर करें।