शांतमई चौक के नजदीक सोमवार शाम को ऑटो को बचाने के चक्कर में एक एंबुलेंस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।
हादसे में एंबुलेंस चालक और उसमें मौजूद मरीज घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी पवन कुमार मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण लगे जाम को सुचारु करवाया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब पांच बजे रैना स्वास्थ्य वाहन सेवा की एंबुलेंस एक मरीज को लेकर दिल्ली रोड की तरफ जा रही थी।
जैसे ही एंबुलेंस शांतमई चौक के नजदीक पहुंची तो पीछे से अचानक एक ऑटो ने उसे ओवरटेक करने का प्रयास किया। ऑटो के अचानक सामने आने से एंबुलेंस चालक ने उसे बचाने के चक्कर में नियंत्रण खो दिया।
इससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। उसके पलटते ही आसपास के लोगों ने दौड़कर चालक और मरीज को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को पीजीआई भेजा गया।
घटना के बारे में सूचना मिलने पर डीएसपी पवन कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के सड़क के बीच में पड़ा होने के कारण काफी दूर तक वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद डीएसपी ने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश देकर वाहनों ट्रैफिक को सुचारु किया।