बजरंग भवन फाटक पर आपको फाटक खुलने और बंद होने की परेशानी से जल्द ही
निजात मिल सकती है। रोहतक-गोहाना रेलवे ट्रैक पर बनने वाले एलिवेटेड ट्रैक
का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही इसके लिए बजट मंजूर करने की तैयारी है।
शहर विधायक मनीष ग्रोवर, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया और पीडब्ल्यूडी एसई
प्रदीप रंजन ने बृहस्पतिवार को रेलमंत्री सुरेश प्रभु से इस संबंध में
मुलाकात की। विधायक ने सीएम का पत्र भी रेलमंत्री को सौंपा, जिसमें
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जल्द बनवाने की सिफारिश की गई है। यह ट्रैक 300 करोड़
रुपये की लागत से शहर के ऊपर से बनवाया जाएगा। जल्द ही इस पर काम शुरू
होने की उम्मीद है।
रोहतक-गोहाना-पानीपत रेलवे ट्रैक शहर के बीचोंबीच से
गुजरता है। ट्रैक पर बजरंग भवन, सोनीपत रोड, नए बस अड्डे रोड पर फाटक
पड़ते है। 5 मिनट के लिए भी फाटक बंद होते ही यहां लंबा जाम लग जाता है।
विधायक के अनुसार रेलमंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को इसपर काम शुरू
करने के निर्देश दिए हैं।
इस तरह बनेगा एलिवेटेड ट्रैक
विधायक मनीष
ग्रोवर ने बताया कि एलिवेटेड ट्रैक सर्कुलर रोड से बनना शुरू होगा और
सेक्टर 6 के रेलवे ओवर ब्रिज के पास आकर उतरेगा। यह 8 किमी लंबा ट्रैक
होगा, जिससे रोहतक-गोहाना-पानीपत की सभी ट्रेन शहर के ऊपर से गुजर जाएंगी।
जल्द ही रेलवे के अधिकारियों की टीम रोहतक आ रही है और इस ट्रैक पर काम
शुरू करेगी।
किसानों की जमीन बच जाएगी
कांग्रेस सरकार में सांसद
दीपेंद्र हुड्डा ने रेलवे ट्रैक को शहर से बाहर निकालने का ड्रीम प्रोजेक्ट
तैयार कराया था। जिसके लिए आसपास के गांवों की जमीन का अधिग्रहण कर रेलवे
बाईपास बनाने की तैयारी की गई। इसके लिए सैकड़ों किसानों की जमीन भी
चिह्नित कर ली गई थी।
लेकिन किसानों ने इसका विरोध कर दिया। अब भाजपा सरकार
आने के बाद विधायक मनीष ग्रोवर ने नया प्रोजेक्ट तैयार कराया। यह
प्रोजेक्ट एलिवेटेड ट्रैक के रूप में तैयार हुआ, जिससे जाम की समस्या भी
खत्म हो जाए और किसानों की जमीन भी बच जाए।