रोहतक। मंगलवार शाम को तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश से अलग अलग फीडर के बंद होने से 30 से ज्यादा कॉलोनियों में बिजली गुल रही। यही हाल ग्रामीण इलाके का रहा। भालौठ 33 केवी फीडर बंद होने से ग्रामीण इलाके के लोगों को भी बिजली बाधित रहने से परेशानी झेलनी पड़ी। निगम के कंट्रोल रूम में 30 से ज्यादा शिकायतें ऑनलाइन व ऑफलाइन दर्ज की गई।
33केवी भालौठ, हाउसिंग बोर्ड फीडर, 33केवी ओपीएच, माता दरवाजा फीडर बारिश व तेज आंधी आने से पहले ही बंद हो गए थे। जिसके चलते सभी फीडर एक से दो घंटे तक बंद रहे। शहर के हाउसिंग बोर्ड, जवाहर नगर, झंग कॉलोनी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लाढ़ोत रोड, प्रेम नगर, आजादगढ़, प्रीत विहार, जनता कॉलोनी, बोहर गांव, बलियाणा, आईएमटी समेत अन्य इलाके में डेढ़ से दो घंटे तक बिजली बाधित रही है। वहीं बारिश के दौरान लाइट जाने के बाद बिजली निगम के कंट्रोल रूम में 30 से ज्यादा शिकायतें ऑनलाइन व ऑफलाइन दर्ज की गईं। जिनमें से कुछ का समाधान कर दिया गया और कुछ का एक से दो घंटे बाद व बारिश थमने के बाद समाधान करवाया गया।