रोहतक। बारिश के कारण सिविल अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे मरीजों के ओपीडी कार्ड नहीं बन पाए। अस्पताल प्रशासन की ओर से जनरेटर भी नहीं चलाया गया। मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ा।
ओपीडी कार्ड की लाइन में खड़ी बबली, सतीश, अजय, योगेश, साहिल समेत अन्य लोगों ने बताया कि वह सुबह आठ बजे से ही कार्ड बनवाने के लिए आए हैं। कर्मचारी भी लाइट न होने की वजह से ओपीडी कार्ड नहीं बना पाए। लोगों ने कर्मचारियों से जनरेटर चलाने की गुहार लगाई, लेकिन नहीं चलाया गया। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। ओपीडी कार्ड बिना मरीजों ने डाक्टरों से परामर्श की कोशिश की तो उन्होंने इलाज नहीं किया। ऐसे में ज्यादातर मरीज घर लौट गए।
दो घंटे से इंतजार कर रहा हूं, लेकिन बिजली नहीं है। कार्ड नहीं बना रहे हैं। मोहर भी नहीं लगा रहे हैं। तीन दिन से चक्कर लगा रहा हूं, नंबर नहीं आ रहा था। आज नंबर आया तो लाइट नहीं हैं।
-सतीश, बहु अकबरपुर, मरीज
मेडिकल बनवाना है, दो घंटे से लाइट नहीं है। लाइट आने के बाद भी काम नहीं कर रहे हैं।
-अजय, चरखी दादरी, मरीज
लाइन में कुछ समस्या आ गई। इस पर तत्काल बिजली कर्मी लग गए। मरीजों को इलाज में दिक्कत न आए इसके लिए मैनुअल ओपीडी कार्ड बनाए गए। सभी ओपीडी में चिकित्सक मौजूद रहे। बिजली आने के बाद सभी काम सुचारु रूप से चला।
-डॉ. पुष्पेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल