रोहतक। शहर के किला रोड बाजार के सुंदरीकरण को लेकर माहौल गरमाता जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि प्रभावी दुकानदार नेताओं के फोन करवाकर अपनी दुकान के आगे से पड़ोसी की दुकान के आगे खंभे लगवा रहे हैं।
दो खंभों के बीच की दूरी कहीं पर 40 फीट तो कहीं पर 30 फीट है। इसको लेकर निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा से मिलेंगे। साथ ही, तिरछे खंभे लगाए जा रहे हैं। निगम बचे छज्जे हटवाकर खंभे सीधे लगवाएं, ताकि कोई हादसा न हो।
विज्ञापन
प्रधान सुनील बोंटरा ने बताया कि बाजार में करीब 35 खंभे लगने हैं। लाल मस्जिद की साइड में खंभे लगाए जा चुके हैं जबकि दूसरी साइड में मंगलवार को भी खंभे लगाने का कार्य जारी रहा। बोले-नगर निगम आयुक्त से मांग की थी कि उनको प्रोजेक्ट का पूरा नक्शा उपलब्ध कराई जाए।
अभी तक नक्शा नहीं मिला है। बिजली निगम ने मनमर्जी से खंभे लगा दिए। कोई नियम तय नहीं किया कि खंभे कितनी-कितनी दूरी पर लगेंगे। बोंटरा बोले-उनको पता लगा है कि जो दुकानदार सत्ताधारी नेताओं के करीबी हैं, उन्होंने फोन करवाकर दुकानों के बाहर खंभे नहीं लगने दिए। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।