रोहतक। रोशनी के त्योहार दिवाली पर बिजली गुल नहीं होगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने दावा किया है कि चार नंवबर तक कोई बिजली कट नहीं लगेगा।
इमरजेंसी के लिए अलग से टीम भी तैनात रहेगी। वहीं दीपावली के दिन 50 से लेकर 60 लाख यूनिट तक ही बिजली की खपत आएगी। कंट्रोल रूम में भी शिकायत के लिए अलग से टीम तैनात की गई है। बिजली निगम का दावा है की शहर में कहीं पर भी कोई फॉल्ट आता है तो पांच मिनट में टीम मौके पर पहुंच जाएगी और गांव में अगर कोई फॉल्ट आता है तो वहां पर भी टीम भेजी जाएगी और जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
बिजली निगम अधिकारयों का कहना है कि अगर तकनीकी कारणों या किसी फॉल्ट की वजह से किसी इलाके में बिजली जाएगी तो तुरंत वहां दूसरे फीडर से सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसी कड़ी में रेलवे रोड फीडर को किला रोड बाजार फीडर से कनेक्ट किया गया है। मॉडल टाउन फीडर को मेडिकल मोड़ फीडर से जोड़ा गया है। राजीव गांधी विद्युत भवन में एक एसडीओ की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई जाएगी। शाम छह से सुबह छह बजे तक उनके साथ पूरी टीम तैनात रहेगी। तीनों सब-डिवीजन में भी टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी। बिजली आपूर्ति में समस्या की शिकायत आने पर पहले सब-डिवीजन की टीम मौके पर जाएगी। अगर वह टीम किसी एक शिकायत निपटाने के लिए मौके पर व्यस्त होगी और इसी बीच दूसरी शिकायत आती है तो सब-डिवीजन की टीम वहां पहुंचेगी। उन्होंने दावा किया कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
-दिवाली पर सभी कर्मचारियों की छुटि्टयां हो जाती है। ऐसे में इंडस्ट्रियल एरिया भी बंद रहने के कारण बिजली की खपत काफी कम आएगी, क्योंकि बिजली की सबसे ज्यादा खपत इंडस्ट्रीयल एरिया में ही होती है। अन्य छोटे मोटे कारखाने भी बंद रहने के कारण बिजली की खपत काफी कम आएगी।
मनिंद्र कादियान, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम