रोहतक। गर्मी में पारा 42.5 डिग्री तक पहुंच चुका है। जिस तरह तापमान बढ़ रहा है, उसी तरह बिजली कट बढ़ रहे हैं। बिजली जाने की वजह से लोगों को काफी समस्या हो रही है। ऐसी झुलसाती गर्मी में बिना पंखे और कूलर के रहना लोगों का जीना दूभर कर रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ गई है।
लोग एसी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं, इस वजह से ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ जाता है और फ्यूज उड़ जाता है। जिस वजह से बिजली कट लग रहे हैं। बिजली खपत 93 लाख 81 हजार यूनिट तक पहुंच चुकी है। दिन में तो बिजली कट लगते ही हैं, रात में भी सोने के समय बिजली गुल हो जाती है। लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। रात में दो से तीन घंटे के कट तो जैसे सामान्य बात हो गई है। बिजली जाने के बाद इन्वर्टर भी जवाब दे देते हैं। बच्चों की परीक्षा चल रही है, लेकिन बिजली जाने की वजह से बच्चे पढ़ नहीं पा रहे है। पढ़ाई में बिजली बाधा बनी हुई है।
इन कॉलोनी में रही ज्यादा समस्या
अमृत कॉलोनी, संत नगर, जनता कॉलोनी व अस्थल बोहर, एकता कॉलोनी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, शिवाजी कॉलोनी, ग्रीन पार्क, आंबेडकर कॉलोनी, श्रीनगर कॉलोनी व कमला नगर में ज्यादा समस्या बनी रही।
वर्जन
लोग लोड बढाने की जानकारी नहीं देते हैं। एक घर में सूचना दी जाती है दो एसी लगने की और लगा पांच एसी रखे हैं इस वजह से लोड बढ़ जाता है और फ्यूज उड़ने की समस्या सबसे ज्यादा होती है। फ्यूज उड़ने की समस्या का समाधान दो घंटे में कर दिया जाता है।
-रामेंद्र मलिक, एक्सईएन सिटी, बिजली निगम