रोहतक। गर्मी के चलते एक सप्ताह के अंदर 10 डिग्री सेल्सियस तक पारा बढ़ गया है। बढ़ते तापमान ने बिजली की मांग भी बढ़ा दी है। रोहतक में एक सप्ताह में बिजली की खपत 55.76 लाख से बढ़कर 64.94 लाख यूनिट पर पहुंच चुकी है। वहीं, बिजली निगम ने आगामी दिनों में निर्बाध सप्लाई के लिए 23 ट्राॅली ट्रांसफार्मर व 84 ट्रांसफार्मरों का बैंक तैयार किया है।
निगम के ट्रांसफार्मर बैंक में शहर के अंदर 32 ट्रांसफाॅर्मर, ग्रामीण क्षेत्र के सब अर्बन एक में 30 व ग्रामीण क्षेत्र के ही सब अर्बन दो में 22 ट्रांसफाॅर्मर रखे गए हैं।
बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई ट्रांसफाॅर्मर लोड व अन्य कारणों से जल जाता है या खराब हो जाता है तो इसके लिए अतिरिक्त ट्राॅली ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। अस्थाई ट्राॅली ट्रांसफार्मर से प्रभावित कॉलोनियों में 30 मिनट से 1 घंटे के बीच में बिजली सुचारु की जाएगी। शहर में 10 ट्राली ट्रांसफार्मर, सब अर्बन एक में 06 और सब अर्बन में 07 ट्राॅली ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। संवाद
-
अभी औसतन 250-300 शिकायतें आ रहीं
रोजाना औसतन 250-300 शिकायत बिजली सुविधा केंद्र पर पहुंच रही है। इनमें फॉल्ट की शिकायत कम हैं जबकि मरम्मत कार्य के दौरान बंद की गई लाइन के कारण बिजली बाधित की समस्या अधिक आ रही है। बिजली निगम ने अनुरोध किया है कि बिजली उपकरणों में आग की सूचना को उपभोक्ता तुरंत निगम दें ताकि जल्द समाधान किया जाए।
-
यह है बिजली की खपत
दिनांक : खपत
10 अप्रैल : 55.76
11 अप्रैल : 56.40
12 अप्रैल : 52.45
13 अप्रैल : 53.74
14 अप्रैल : 59.02
15 अप्रैल : 62.31
16 अप्रैल : 64.94
नोट : बिजली निगम के अनुसार।
वर्जन
स्वाभाविक रूप से तापमान के साथ बिजली की खपत बढ़ेगी। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए बिजली निगम के कर्मचारी अलर्ट हैं। बिना रुकावट बिजली सप्लाई के लिए ट्रांसफाॅर्मर बैंक और ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर तैयार कर दिए हैं।
-बिजेंद्र नरवाल, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।