बिजली निगम के बकायेदारों के लिए सोमवार का दिन राहत भरा होगा। मंगलवार व बुधवार को उनकी बिजली गुल होगी। शहर के करीब 32 हजार बकायेदारों के सीधे कनेक्शन काटे जाएंगे। तीनों एसडीओ के अलावा कार्यकारी अभियंता की 22 टीमें भी कार्रवाई करेंगी। कनेक्शन जुड़वाने के लिए उपभोक्ता को 250 रुपये जमा कराने होंगे।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति की वजह से यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक शशांक आनंद के बकाया वसूली के लिए सख्ती से अभियान चलाने के आदेश दिए। इसके लिए एसडीओ-एक आरएन हुड्डा, एसडीओ-दो जितेंद्र कुमार और एसडीओ-तीन सुरेंद्र सिंह की टीमें बकाया वसूली के साथ-साथ कनेक्शन काटने के लिए जुटी हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर होली पर निगम की टीमें न बकाया वसूली के लिए निकलेंगी और न कनेक्शन काटेंगी ताकि बकायेदार बिना तनाव त्योहार मना सकें। वहीं, तय किया गया है कि मंगलवार और बुधवार को न सिर्फ एसडीओ की टीमें बकायेदारों का कनेक्शन काटने के लिए निकलेंगी बल्कि कार्यकारी अभियंता की 22 टीमें भी भ्रमणशील रहेंगी। टीमें बकायेदार को पहले बिल जमा करने के लिए कहेंगी यदि वह बिल जमा नहीं कराएगा तो मौके पर ही कनेक्शन काट दिया जाएगा।
करीब 32 हजार हैं बिजली निगम के बकायेदार
बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार सिटी डिविजन में करीब 32 हजार बकायेदार हैं। यानी बिजली निगम की टीमों का पूरा ध्यान दो दिन में कनेक्शन काटने की कार्रवाई पर होगा।
पांच हजार से ज्यादा के बकायेदार होंगे निशाने पर
बिजली निगम की बकाया वसूली अथवा कनेक्शन काटने के लिए निकलने वाले टीमों के निशाने पांच हजार रुपये से ज्यादा के बकायेदार ही रहेंगे।
त्योहार के चलते सोमवार को बकायेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मंगलवार और बुधवार को न सिर्फ सब डिविजन की टीमें बल्कि डिविजन की गठित 22 टीमें भी उतरेंगी। सभी टीमों को फोकस बकाया जमा नहीं करने पर सीधे कनेक्शन काटने पर होगा।
-मेहताब सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम