रोहतक। दो दिन से हो रही बारिश के साथ ही बिजली संबंधी समस्याएं भी लोगों को परेशान कर रही हैं। शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली कट और ब्रेकडाउन की समस्या बनी रही। वहीं विभाग के लिए यह चुनौतीपूर्ण इसलिए बन गया क्योंकि शुक्रवार रात दो बजे से ही बिजली निगम का ऑनलाइन पोर्टल तकनीकी कारणों से काम करना बंद कर गया। निगम अधिकारियों के अनुसार शनिवार रात दस बजे तक पोर्टल पर 333 शिकायतें इकट्ठी हो चुकी थी। तकनीकी गड़बड़ी के कारण कंट्रोल रूम संबंधित कर्मचारियों तक शिकायतों को नहीं पहुंचा पा रहा है। निगम ने शिकायत देने के लिए 01262-283251 व 9354990204 नंबर जारी किए हैं ताकि आमजन को परेशान न होना पड़े।
बिजली सुविधा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार रेलवे रोड फीडर पर दोपहर 3.56 बजे से शाम छह बजे तक ब्रेकडाउन रहा, अस्थल बोहर फीडर पर दोपहर तीन बजे से शाम पांच तक ब्रेकडाउन रहा, श्याम कॉलोनी में मरम्मत के कारण दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक बिजली कट रहा, श्रीनगर कॉलोनी में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक ब्रेकडाउन रहा, सेक्टर दो में रात आठ बजे से साढ़े आठ बजे तक बिजली कट रहा, चिन्योट कॉलोनी में देर शाम 7.21 बजे से रात 8.20 बजे तक ब्रेकडाउन रहा। इसके अलावा भी शहर के विभिन्न इलाकों से शिकायतें मिली हैं।
........
वर्जन -
दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बिजली कटों की शिकायतें मिल रही हैं। उपभोक्ता जारी किए गए नंबरों पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
- अशोक यादव, एसई, बिजली निगम