01 बस स्टैंड पर खड़ी इलेक्ट्रिक बस। संवाद
रोहतक। शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बस सर्विस का विस्तार किया जाएगा। परिवहन विभाग की ओर से इलेक्ट्रिक बसों के स्टैंड और चार्जिंग स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस स्टैंड को बनाने के लिए विभाग 14.89 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित की है।
बस स्टैंड से चलने वाली 5 सिटी बसों का बेड़ा और बढ़ाने की तैयारी है। रोहतक डिपो में 50 नई सिटी बसों को शामिल किया जाना है। इसके लिए विभाग ने स्टैंड और चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड के पार्क में 3.5 एकड़ के अंदर इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से करवाएं जाने वाले कार्य के लिए 19 सितंबर तक टेंडर के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
-
शनिवार और रविवार को बहादुरगढ़ तक हो रहा संचालन
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल शहर में सप्ताह में पांच दिन पांच बसों का संचालन बस स्टैंड से पीजीआई तक किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक शनिवार व रविवार को इन बसों का संचालन बहादुरगढ़ तक हो रहा है। इन बसों में सरकार निजी मालिकों को 62 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान कर रही है जिसमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता के 28 रुपये प्रति किलोमीटर शामिल हैं।
-
वर्जन
विभाग की ओर से टेंडर के लिए आवेदन मांगे गए हैं। वर्ष 2026 तक इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्टैंड तैयार करने की अवधि निर्धारित की गई है। -सुरेंद्र सिवाच, कर्मशाला प्रबंधक, रोडवेज।
परिवहन विभाग से कार्य का कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल स्टैंड को लेकर कोई जानकारी हमारे कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। हो सकता है कि परिवहन विभाग इस पर और अच्छे से बता पाए। -हेमंत कुमार, कार्यकारी अभियंता, भवन शाखा, पीडब्ल्यूडी।