Elderly coronation in Jasbir colony, 79 infected
रोहतक। कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस महामारी ने एक और बुजुर्ग को निगल लिया है। इस बार जसबीर कॉलोनी के 81 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। इसके साथ ही कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा 77 पहुंच गया है। यही नहीं, 79 नए कोरोना पॉजिटिव भी मिले हैं। इनका इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में मंगलवार को कोरोना से 77वीं मौत दर्ज की गई। जसबीर कॉलोनी के 81 वर्षीय व्यक्ति के रूप में मरने वाले की पहचान हुई है। इसका नगर निगम के कर्मचारियों ने अंतिम संस्कार करा दिया है। इस केस के बाद इलाके के लोगों में महामारी के खौफ को लेकर चर्चा रही। मंगलवार को जिले में 79 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इन केसों के साथ जिले में अब तक 7488 पॉजिटिव मिल चुके हैं। जिले 630 सक्रिय कोविड-19 पॉजिटिव मरीज हैं। इनमें से 18 अस्पतालों व 612 होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। मंगलवार को 1189 कोरोना संभावितों के सैंपल लिए गए। फिलहाल इन्हें एहतियात बरतने व आइसोलेट रहने की हिदायत दी गई है। जिले में 515 लोगों को लैब से अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। कोविड रिकवरी दर 90 प्रतिशत से ऊपर ही बनी हुई है।