रोहतक। गांधी कैंप स्थित महिला आश्रम में रह रही दो महिलाओं के बीच हुए झगड़े को एक बुजुर्ग ने बिचौलिये के तौर पर सुलझा दिया। सुलझाने के दौरान बुजुर्ग ने एक महिला को डांट फटकार दिया। फटकार की बात महिला के बेटों का पता लगने पर उन्होंने बुजुर्ग को डंडों व थप्पड़-घूसों से पीट पीटकर घायल कर दिया। घायल को पीजीआई में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी दोनों सगे भाइयों पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी थाना पीजीआईएमएस कप्तान सिंह ने बताया कि 23 सितंबर को सूचना मिली कि रामकिशन निवासी कमलानगर लड़ाई-झगड़ा करने में घायल होकर पीजीआईएमएस में भर्ती हुआ है। रामकिशन की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि रामकिशन की उम्र 60 साल है व उसकी परिचित महिला रेखा गांधी कैंप स्थित महिला आश्रम में रहती है। 21 सितंबर को रेखा व महिला आश्रम में रहने वाली बोबी की आपस में कहासुनी हो गई। रेखा के बुलाने पर रामकिशन महिला आश्रम गया व दोनों के झगड़े को खत्म करने का प्रयास किया। 23 सितंबर की दोपहर को रामकिशन गांधी कैंप स्थित कम्युनिटी सेंटर के पास मौजूद था। बोबी के लड़के अमर व आकाश आए और उन्होंने डंडों व थप्पड़-घूसों से रामकिशन को चोटें मारीं। झगड़े का शोर सुनकर राहगीर एकट्ठा हो गए तो दोनों युवक रामकिशन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल अवस्था में रामकिशन को पीजीआईएमएस में दाखिल कराया गया। इलाज के दौरान 26 सितंबर को रामकिशन की मौत हो गई।
पुलिस चौकी गांधी कैंप प्रभारी एएसआई राजेंद्र ने जांच के दौरान 27 सितंबर को आरोपी अमर व आकाश निवासी संजय कॉलोनी, पानीपत हाल किरायेदार गांधी कैंप को गिरफ्तार किया। आरोपी अमर की उम्र 26 साल है व वह कार वाशिंग का काम करता है। आरोपी आकाश की उम्र 18 साल है वह एसी रिपेयर करता है। पूछताछ में सामने आया कि रेखा व बोबी के बीच हुए झगड़े में रामकिशन ने बोबी को डांट फटकार लगाई थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने रामकिशन पर डंडों व थप्पड़-घूसों से हमला किया था। हमले में लगी चोटों के कारण रामकिशन की इलाज के दौरान मौत हो गई।