विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चयनित महिला पहलवान
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपने दमखम से देश का मान बढ़ाया है। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में ट्रायल के दौरान चयनित 10 महिला पहलवानों में आठ हरियाणा की हैं। सर्बिया में 20 से 27 अक्तूबर तक होने वाली अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, इनमें दो महिला पहलवान दिल्ली की हैं।
भारतीय टीम में चयनित महिला पहलवानों में सोनीपत की सारिका मलिक व हनी, हिसार की हंसिका, जींद की नीशू, पुलकित व दीक्षा, रोहतक की सविता और भिवानी की दीक्षा मलिक हैं। वहीं, दिल्ली से नेहा शर्मा और सृष्टि शामिल हैं।
भारतीय टीम में रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में ट्रेनिंग लेने वाली चार पहलवानों में दिल्ली से नेहा शर्मा (57 किग्रा) और हरियाणा की सारिका मलिक (59 किग्रा), सविता दलाल (62 किग्रा) और दीक्षा मलिक (72 किग्रा) हैं। इनके कोच मनदीप ने बताया कि प्रदेश की ये बेटियां सर्बिया की धरती से देश के लिए पदक जीतकर लौटेंगी और भारत का तिरंगा ऊंचा फहराएंगी।