रोहतक। नौकरी दिलाने और आर्थिक मदद का झांसा देकर 15 वर्षीय किशोरी का यौन शोषण करने के मामले में दो महिलाओं समेत आठ को दोषी करार दिया गया है। यह फैसला शुक्रवार को अपर सत्र न्यायाधीश (एएसजे) शैलेंद्र सिंह की अदालत ने सुनाया है। अदालत अब दो नवंबर को सजा सुनाएगी।
दोषियों में सात राजस्थान के रहने वाले हैं। इनमें सूरतपुरा निवासी विकास, राजगढ़ निवासी रमीता, सादलपुर निवासी पवन, सूरतपुरा निवासी विनोद, सादलपुर निवासी महेश, बाखड़ा निवासी मान सिंह और सूरतपुरा निवासी सोमबीर शामिल हैं। दोषी दीक्षा रोहतक के पाकस्मा गांव की रहने वाली है।
अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, किशोरी की मां ने एक जुलाई 2022 को सिटी थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 30 जून को शाम आठ बजे दूध लेने गई थी। वापस नहीं लौटी तो पुलिस को शिकायत दी। बरामद होने पर बेटी ने अदालत में बताया कि 29 जून को एक पूर्व परिचित महिला उसके पास आई। उसने आर्थिक मदद व नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद दूसरी महिला के घर ले गई। वहां पहले से चार युवक व मकान मालकिन मौजूद थी। सभी नशा कर रहे थे। उसे भी नशीला पदार्थ दिया गया। बाद में बेहोशी की हालत में कपड़े बदलकर वे कार में राजस्थान ले गए।
वहां अलग-अलग मकानों में बंधक बनाकर रखा गया जहां अन्य लोग भी मौजूद थे। उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए। अदालत ने बयान और सबूतों के आधार पर आठों को दोषी करार दिया।