04सीटीके06राजकीय महाविद्यालय दुबलधन में निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी को सम्मानित करते। स्रोत ए
रोहतक। राजकीय महाविद्यालय दुबलधन में आयोजित तीन दिवसीय महिला सशक्तीकरण कार्यशाला का समापन बुधवार को हुआ। समापन सत्र में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता व जनसंचार विभाग के प्राध्यापक तथा निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। सहायक प्रो. डाॅ. सरला ने कहा कि छात्राओं का सशक्तीकरण इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है।
प्राध्यापक डाॅ. रणदीप सिंह ने मंच संचालन किया। सुनित मुखर्जी ने अपने व्याख्यान में शिक्षा को महिला सशक्तीकरण की कुंजी बताया और छात्राओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुखर्जी ने कहा कि आज के समय में कम्युनिकेशन, साफ्ट स्किल्स, लाइफ स्किल्स और सूचना व संचार प्रौद्योगिकी में महारत हासिल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को कौशल विकास के माध्यम से स्व-रोजगार की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारत में महिलाओं की ओर से शुरू किए गए विभिन्न इनोवेटिव स्टार्टअप के बारे में भी जानकारी दी। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डा. कर्मवीर गुलिया ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं के क्षमता निर्माण का प्रयास किया जा रहा है।