माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। भालौठ और महम में शराब ठेकों पर हुई फायरिंग से दहशत के चलते जिले के 24 जोन में शराब ठेके लेने के लिए कोई आवेदन नहीं आया। इसके कारण आबकारी विभाग को 211 करोड़ रुपये कम राजस्व आया है। अब 11 जून के बाद आबकारी विभाग दोबारा बोली कराएगा। इतना ही नहीं, आईएमटी, महम, कलानौर और आर्यनगर थाना प्रभारियों को बदला गया है। हालांकि, महम व आईएमटी थाना क्षेत्रों में शराब ठेकों पर फायरिंग हुई थी। थाना प्रभारियों के तबादलों को इसी जोड़कर देखा जा रहा है।
23 मई को ठेके पर फायरिंग करके दो युवक फरार हो गए थे। ठेके के ऊपर पर्चा चस्पा किया था कि महम जोन में ठेके के लिए अगर किसी ने आवेदन किया तो अपनी मौत का जिम्मेदार होगा। पत्र के नीचे सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया लिखा हुआ था। सीआईए द्वितीय ने कार्रवाई करते हुए खरैंटी गांव निवासी अमन उर्फ बाज व पोलंगी निवासी पूरव उर्फ भोला को मुठभेड़ के बाद काबू किया था।
इसी बीच भालौठ गांव में दो दिन पहले शराब ठेके पर फायरिंग की गई। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आईएमटी थाने में भालौठ निवासी विकास उर्फ नारद सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था, लेकिन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
इनको सौंपी थानों की कमान
एसपी की तरफ से महम चौकी प्रभारी एसआई पंकज को आईएमटी थाना, घिलौड़ चौकी प्रभारी एसआई सुभाष को महम तो आर्यनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुलेंद्र को कलानौर थाने का प्रभारी लगाया गया है। सीआईए द्वितीय से एसआई बिजेंद्र को आर्यनगर थाने की कमान सौंपी गई है।
452 करोड़ रुपये जुटाना था राजस्व
विभाग की तरफ से जिले की 58 जोन का एक दिन पहले टेंडर किया गया। विभाग का लक्ष्य 452 करोड़ रुपये राजस्व जुटाना था, लेकिन 24 जोन का टेंडर न होने के कारण 211 करोड़ रुपये नहीं आ सके। इसमें महम व भालौठ जोन के ठेके भी शामिल हैं। विभाग ने मुख्यालय को रिपोर्ट भेज दी है। मुख्यालय की ओर से अब दोबारा बोली की तिथि तय की जाएगी। अब 11 जून के बाद दूसरी बोली होगी।
- राजेश कुमार, इंस्पेक्टर आबकारी विभाग।
तबादले सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा
महम, आईएमटी, कलानौर व आर्यनगर थाना प्रभारी बदले गए हैं। महम, कलानौर व आईएमटी थाना प्रभारी को पुलिस लाइन में भेजा गया है। तबादले सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
- रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय।