रोहतक। मंत्री जी, रेलवे की अनदेखी से डबल फाटक अंडरपास में पानी भरा रहता है। यहां से रोजाना पांच हजार वाहन गुजरते हैं। इसका समाधान नहीं हो रहा है। छह कॉलोनियों के लिए तो यही एकमात्र रास्ता है। इसे नगर निगम प्रशासन को सौंपा जाए। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के समक्ष श्रीनगर व गीता कॉलोनी के लोगों की ओर से अतुल शर्मा ने यह मुद्दा उठाया।
जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आधिकारिक रूप से नगर निगम को इस अंडरपास को सौंपने के लिखित आदेश दें। रेलवे की ओर से इस अंडरपास की देखरेख पर हर माह एक लाख रुपये खर्च होने का दावा किया जा रहा है। फिर भी समाधान नहीं हो रहा है।
समिति के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थीं। 12 का मौके पर निपटारा किया गया व चार शिकायतों को लंबित रखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
-
पीजीआईएमएस से जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित
फतेहपुर कॉलोनी निवासी मंजू ने शिकायत दी कि 2023 में पति अशोक का निधन हो गया था। उनके मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए पीजीआईएएमस के दो साल चक्कर लगाते रहे। मंत्री ने पीजीआईएमएस की ओर से गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन व पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक की समिति गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी की जांच में प्रमाण-पत्र जारी करने में कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए।
बैठक में रोहतक के विधायक भारत भूषण बतरा, महम के विधायक बलराम सिंह दांगी, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेणु डाबला भी मौजूद रहीं।
-
अनधिकृत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाएं
मंत्री कृष्णलाल पंवार ने स्थानीय शिव विहार निवासी रविंद्र सिंह की शिकायत पर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गली के बीच में अनधिकृत रूप से बनाए गए व्यक्तिगत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाएं। उन्होंने गांव कटेसरा निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर निशानदेही के लिए एसडीएम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं तहसीलदार की कमेटी गठित करने के निर्देश देते हुए कमेटी को आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गांव बहुअकबरपुर निवासी कपूर सिंह सूबेदार की शिकायत पर उपमंडलाधीश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए और कहा कि पंचायती भूमि से कब्जा हटवाया जाए।
-
शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाया जाएगा :
पंवार ने स्थानीय सैनिक कॉलोनी निवासी गीता की शिकायत पर कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी निरीक्षण कर यह पता लगाए कि संबंधित फैक्टरी नियमों का उल्लंघन तो नहीं कर रही। उन्होंने गांव निंदाना निवासी रानी की शिकायत पर कहा कि एलडीएम की ओर से पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी जिसके अनुसार शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाया जाएगा।
-
कलानौर स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के लिए कमेटी गठित
मंत्री ने कलानौर कलां के वार्ड-1 निवासियों की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित कर रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने इस समिति में दो गैर सरकारी सदस्यों रेणु डाबला व रमेश को शामिल किया। पांच सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर सरकार को जनहित में आवश्यक कार्रवाई के लिए सिफारिश की जाएगी। उन्होंने स्थानीय मोहल्ला बेरी वाला निवासी रामअवतार की शिकायत पर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पिलर लगाकर शिकायतकर्ता की दुकान बनवाने में मदद करें।
खेड़ी साध में पेयजल सुनिश्चित करें
एजेंडे में शामिल शिकायतों के बाद खेड़ी साध निवासियों की शिकायत के संदर्भ में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम के इस क्षेत्र में लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थायी रूप से कर्मचारी की तैनाती की जाए। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से नाले से बिजली के सभी पोल 15 दिन के अंदर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने ताजा माजरा के सरपंच की शिकायत के संदर्भ में कहा कि ताजा माजरा व गद्दी खेड़ी में जलभराव के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
-
-
अंडरपास से इन कॉलोनियों के लोगों का होता है आवागमन
अंडरपास से रोजाना गीता कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, श्रीनगर कॉलोनी, चावला कॉलोनी, आजाद नगर, शिवाजी कॉलोनी, चिन्योट कॉलोनी, कन्हेली रोड, आंबेडकर नगर, एकता कॉलोनी व कन्हेली सहित अनेक लोग गुजरते हैं।
- जसबीर कुमार, पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलाेनी
14- जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक के दौरान अंडरपास में पानी भरने का मुद्दा
14- जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक के दौरान अंडरपास में पानी भरने का मुद्दा